कॉकरोच जनता पार्टी का संसद मार्च शुरू हो चुका है और दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। जंतर-मंतर, संसद और अन्य प्रम...
कॉकरोच जनता पार्टी का संसद मार्च शुरू हो चुका है और दिल्ली पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। जंतर-मंतर, संसद और अन्य प्रमुख स्थानों के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। मार्च शुरू करने से पहले पार्टी ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर के पास पत्थर से भरा एक ट्रक खड़ा किया गया है।
पार्टी ने दावा किया इसका इस्तेमाल शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों को झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने मॉनसून सेशन से पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर सुरक्षा कड़ी की हुई है।
वीडियो शेयर कर किया दावा
पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके एक्स पर एक वीडियो शेयर कर लिखा है कि 'पत्थरों से भरे ट्रक जंतर-मंतर पर खड़े किए गए हैं। पुलिस प्रशासन किस तैयार में हैं? क्या वे कॉकरोच जनता पार्टी के शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर पत्थरबाजी करवाने की साजिश रच रहे हैं?
अभिजीत दीपके ने एक अन्य वीडियो में आरोप लगाया कि प्रदर्शन स्थल के पास एक क्षतिग्रस्त वैन भी रखी गई है। उन्होंने एक्स वीडियो शेयर पोस्ट पर दावा किया कि इसका इस्तेमाल प्रदर्शनकारियों के खिलाफ तोड़-फोड़ के आरोप लगाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘दिल्ली पुलिस पर शर्म आती है। जंतर-मंतर पर पत्थरों से लदा ट्रक और एक टूटी-फूटी वैन पहले से ही खड़े कर दिए। शांतिपूर्ण आंदोलन को बदनाम करने के लिए ऐसा कहा जाएगा कि प्रदर्शनकारियों ने वैन में तोड़फोड़ की है।’
क्या मांग कर रहे प्रदर्शनकारी?
आपको बता दें कि कॉकरोच पार्टी ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 'चलो संसद' मार्च का आह्वान किया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वज्र वाहन, जगह-जगह बैरिकेडिंग और भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
वहीं दिल्ली पुलिस की ओर से कहा गया है कि मार्च के लिए न तो अनुमति मांगी गई है न ही दी गई है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सचिन शर्मा ने रविवार को बताया था ‘किसी भी विरोध मार्च या जुलूस के लिए न तो अनुमति मांगी गई है और न ही दी गई है।’
पुलिस कार्रवाई की भी आशंका जताई
कॉकरोच जनता पार्टी ने इससे पहले पुलिस कार्रवाई की आशंका भी जताई थी। संगठन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर समर्थकों से तत्काल जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की था। उसने दावा किया कि इलाके में आंसू गैस वाले उपकरण लाए गए हैं और असामाजिक तत्व गड़बड़ी फैलाने के लिए प्रदर्शनकारियों की भीड़ में घुसने की कोशिश कर सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं