Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली मौसम: बारिश पर ब्रेक, उमस बढ़ने के आसार; जानें कब तक होगी राहत

  दिल्ली में शनिवार को हल्की बारिश की भविष्यवाणी के बीच शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। सफदरजंग मौसम क...



  दिल्ली में शनिवार को हल्की बारिश की भविष्यवाणी के बीच शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र पर न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम और एक दिन पहले की तुलना में 0.8 डिग्री ज्यादा था। पालम में न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड पर 26.2 डिग्री सेल्सियस तथा रिज और आयानगर में क्रमशः 23.5 डिग्री और 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि पूरे दिन छिटपुट बारिश होने और आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिन के शुरुआती घंटों में गरज और बिजली के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।

अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी

मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। आने वाले हफ्ते में बारिश का कोई अनुमान नहीं है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और इसके 36-38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

अच्छी बारिश के लिए इंतजार करना पड़ेगा

दिल्ली के लोगों को अब अच्छी बारिश के लिए इंतजार करना पड़ेगा। राजधानी के लगभग सभी हिस्से को सराबोर करने के बाद अब मानसून रेखा ऊपर की ओर खिसक गई है। इसके चलते अगले सात दिनों तक अच्छी बारिश होने के आसार नहीं है। दिल्ली में पिछले तीन दिनों से लगातार अच्छी बारिश का दौर बना हुआ था। दिनभर बादल छाने और पानी बरसने से लोगों को उमस और गर्मी से खासी राहत मिली।

स्काईमेट के विज्ञानी महेश पालावत बताते हैं कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और अन्य हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना नहीं है। बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी भले हो सकती है और बादल छाए रह सकते हैं।

हवा की दिशा में भी बदलाव

मानसून रेखा के दूर होने के साथ ही दिल्ली में हवा की दिशा में भी बदलाव देखने को मिला है। शुक्रवार को दिल्ली में हवा की दिशा मुख्य तौर पर पश्चिमी रही। अगले कुछ दिनों के दौरान भी हवा की दिशा दक्षिणी पश्चिमी रहने की संभावना है। अभी तक मुख्य तौर पर हवा की दिशा पूर्वी रही थी, जो अपने साथ नमी ला रही थी।

संतोषजनक श्रेणी में रहा AQI

सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) संतोषजनक श्रेणी में रहा। सुबह 9 बजे यह 91 (संतोषजनक) दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत AQI 65 (संतोषजनक) था। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 का AQI 'अच्छा', 51-100 'संतोषजनक', 101-200 'मध्यम', 201-300 'खराब', 301-400 'बहुत खराब' और 401-500 'गंभीर' माना जाता है।








कोई टिप्पणी नहीं