केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन खत्म करने से इनकार कर दिया है। सीजेपी ने साफ कह द...
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन खत्म करने से इनकार कर दिया है। सीजेपी ने साफ कह दिया है कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं हो जाता, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। सोवमरा को संसद भवन तक मार्च के बीच सीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा से मुलाकात की थी और अपनी तीन मांगो वाली लिखित याचिका उन्हें सौंपी थी। लेकिन अब उनका कहना है कि मांगे बताए जाने के बावजूद अब तक इस पर कोई ऐक्शन नहीं लिया गया है। इसके अलावा मार्च के दौरान छात्रों के साथ हिंसा करने का दावा करते हुए भी प्रदर्शन जारी रखने की बात कही जा रही है। ऐसे में अब पुलिस भी हाई अलर्ट पर है। संसद का मॉनसून सत्र भी जारी है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए धर्मेंद्र प्रधान के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा की कैसी व्यवस्था
जानकारी के मुताबिक 'कॉकरोच जनता पार्टी' और किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई है। जानकारी के मुताबिक नयी दिल्ली, मध्य, उत्तर, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व जिलों के अलावा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रणनीतिक बिंदुओं पर बहुस्तरीय अवरोधक लगाए गए हैं, वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है। चिल्ला बॉर्डर पर भी भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
प्रमुख सरकारी भवनों, प्रमुख चौराहों और विरोध-प्रदर्शन संभावित स्थलों के आसपास अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, सोमवार की हिंसा की जांच जारी है, और तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों पर हमले व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस में रीगल सिनेमा के पास विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, पथराव और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ के सिलसिले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि सोमवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पथराव किया, कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों पर हमला किया।
पुलिस सूत्र के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से इस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं