दिल्ली में मौसम ने यू-टर्न ले लिया है और बारिश पर ब्रेक लग गया है. IMD के अनुसार 19 जुलाई तक बारिश की संभावना नहीं है. इस दौरान अधिकतम ताप...
दिल्ली में मौसम ने यू-टर्न ले लिया है और बारिश पर ब्रेक लग गया है. IMD के अनुसार 19 जुलाई तक बारिश की संभावना नहीं है. इस दौरान अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और लोगों को उमश भरी गर्मी और तपिश का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा. आइए जानते हैं कि यूपी, बिहार से लेकर उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर तक आज का मौसम कैसा रहेगा.
मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान लगाया है. उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत तक कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं कुछ इलाकों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
UP- उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
यूपी और उत्तराखंड के कई जिलों में आज हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 17 से 19 जुलाई के बीच भारी बारिश होने की संभावना है. हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
बिहार-झारखंड में भी भारी बारिश
बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है. आज बिहार में और 14 और 15 जुलाई को ओडिशा में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह भारी वर्षा होने की संभावना है. इनमें कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
MP- राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ और पश्चिम मध्य प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहेगा. छत्तीसगढ़ में आज और कल भारी बारिश संभावना जताई गई है. वहीं राजस्थान के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में भी कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं तटीय आंध्र प्रदेश में 15 जुलाई तक हीट वेव की स्थिति भी बनी रह सकती है.
मौसम विभाग ने मछुआरों को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में 18 जुलाई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है. इन क्षेत्रों में तेज हवाएं और समुद्र में ऊंची लहरें उठने की संभावना है.
आईएमडी ने लोगों को भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.

कोई टिप्पणी नहीं