दुनियाभर की कई प्रमुख कंपनियों में इन दिनों ले-ऑफ यानी कर्मचारियों को नौकरी से हटाने का काम चल रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर दिल्ली की ऐस...
दुनियाभर की कई प्रमुख कंपनियों में इन दिनों ले-ऑफ यानी कर्मचारियों को नौकरी से हटाने का काम चल रहा है। इसी बीच सोशल मीडिया पर दिल्ली की ऐसी ही एक युवती का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे नौकरी से हटा दिया गया था। अनुकृति विद्यार्थी नाम की इस युवती ने इस वीडियो में अपने उसी अनुभव को शेयर किया, जब उसने पहली बार अपने माता-पिता को अपनी नौकरी छूट जाने की जानकारी दी थी।
युवती ने बताया कि पहले वह यह सोचकर परेशान हो रही थी कि वह माता-पिता को इस बात की जानकारी कैसे देगी, और उनका रिएक्शन पता नहीं कैसे होगा। हालांकि जब उसके परिजनों को इस बारे में पता चला तो उनकी प्रतिक्रिया उसकी उम्मीद से कहीं ज्यादा बेहतर और सपोर्टिव थी, जिसने अनुकृति के मन के भारी बोझ को बिल्कुल हल्का कर दिया। जिसके बाद उन्होंने ऐसी ही किसी परिस्थिति का सामना कर रहे लोगों को भी अपने माता-पिता से कुछ ना छिपाने की सलाह दी है और आने वाले वक्त के बेहतर होने की उम्मीद जताई है।
'मेरी मां को मेरी नौकरी बहुत पसंद थी, पिता भी बहुत खुश थे'
अनुकृति विद्यार्थी ने यह खबर सुनाने से पहले महसूस हुई घबराहट को याद करते हुए कहा, 'आज वह दिन था जब मैंने आखिरकार अपने माता-पिता को बताया कि मेरी नौकरी छूट गई है, मुझे नौकरी से निकाल दिया है।' युवती ने बताया, 'मेरी मम्मी को मेरी नौकरी बहुत पसंद थी और वह इससे बहुत खुश थीं। वहीं जब मेरी नौकरी लगी थी तो मेरे पापा तो बहुत ज्यादा ही खुश हुए थे। मैं सोच रही थी मैं क्या बोलूंगी, किस मुंह से बोलूंगी उन्हें, मेरे दिमाग में बस यही चल रहा था कि उन्हें क्या लगेगा, वो परेशान हो जाएंगे बेमतलब में, पता नहीं क्या सोचेंगे, और मैं इसलिए बहुत ज्यादा इस बारे में सोच रही थी कि मतलब मैं उन्हें कैसे बताऊं। हो ही नहीं पा रहा था मुझसे, मेरे मुंह से निकल ही नहीं पा रहा था।'
युवती ने बताया, किन हालातों में दी माता-पिता को जानकारी
आगे उसने कहा, 'वो तो मम्मा ने मुझसे पूछ लिया, कि ऑफिस कब जाएगी तो मैंने मम्मा को बता दिया कि मम्मा अब से मैं ऑफिस नहीं जा पाऊंगी। इसके बाद मैंने उन्हें पूरी कहानी बता दी। मम्मी ने बोला- अच्छी बात है ये तो, इसमें क्या है, इसमें इतना क्या सोचने की जरूरत है। इस समय का इस्तेमाल खुद को बेहतर बनाने में करो, जो तुम्हारा मन करे, वह करो।'
अनु बोलीं- हम खुद चीजों को उलझा देते हैं और परेशान होते रहते हैं
अनुकृति ने आगे कहा, 'मैं बताऊं मुझे क्या लगता है कि हम खुद चीजों को ज्यादा उलझा देते हैं। हमें अपने पैरेंट्स को लेकर इतना ज्यादा दिमाग नहीं लगाना चाहिए। उन्हें बता दो, इतना ज्यादा सोचो मत, जैसे मैं दो दिन से सोच रही थी, दो दिन से मेरी हालत खराब थी कि जब मम्मी-पापा आएंगे तो उन्हें कैसे बताऊंगी, लेकिन उन्हें बताने के बाद इतना अच्छा लगा, कि मैं खुद को बहुत भाग्यशाली महसूस कर रही हूं। अगर कोई इस परिस्थिति में है, या इससे मिलती जुलती स्थिति में है, तो उसे अपने माता-पिता को सब सच-सच बता देना चाहिए, आपको अच्छा लगेगा, मुझे भी उन्हें बताने के बाद बहुत आराम महसूस हुआ था। आप उनसे मिलने वाले प्यार और सपोर्ट को देखकर हैरान रह जाएंगे। आगे बढ़ो और तरक्की करो।'
'5.5 साल बाद की नौकरी का बाद मैं जरूरी नहीं रही'
इससे पहले इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में अनुकृति ने बताया था कि एक ही कंपनी में लगभग साढ़े पांच साल काम करने के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है। उसने बताया कि HR टीम और मैनेजर के साथ हुई एक कॉल में उन्हें पता चला कि उनका रोल अब जरूरी नहीं रह गया है, यह बताते हुए उन्हें नौकरी से हटाने की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा, 'मेरी नौकरी चली गई है। आज 29 जून, 2026 है। मेरी HR और मैनेजर के साथ कॉल हुई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि मेरा रोल अब जरूरी नहीं है और मुझे कंपनी छोड़ने के लिए कहा गया है। यह वही कंपनी है जहां मैंने साढ़े पांच साल तक काम किया था।' इस झटके के बावजूद, अनुकृति का मानना था कि शायद यह छंटनी किसी और वजह से हुई है।
'हो सकता है यह भगवान का कोई इशारा हो'
अनुकृति ने कहा, 'हो सकता है कि यह भगवान का कोई इशारा हो, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि मैं खुद कभी यह नौकरी छोड़ती। तो शायद भगवान ने कहा हो, अब आगे बढ़ने का समय आ गया है। तुम यहां काफी समय गुजार चुकी हो।' वीडियो वायरल होने के बाद, अनुकृति ने एक और अपडेट शेयर किया। उन्होंने बताया कि वह अचानक न्यूज सेंसेशन बन गई हैं और ऑनलाइन मिल रहे रिस्पॉन्स से अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हजारों लोगों के कमेंट्स मिले, जिन्होंने ऐसी ही छंटनी का सामना किया था। कई लोगों ने उन्हें बताया कि नौकरी जाने पर शुरुआत में तो बहुत बुरा लगा था, लेकिन बाद में उन्हें बेहतर मौके मिले और वे इस बात के लिए शुक्रगुजार थे कि चीजें कैसे बदल गईं।
'आगे बेहतर चीजें ही होने वाली हैं'
अनु ने बताया कि, 'मुझे नहीं पता कि क्या होगा या कैसे होगा। मुझे कोई अंदाजा नहीं है। लेकिन सभी ने कहा कि वे खुश हैं क्योंकि उनकी जिंदगी में कुछ बेहतर ही हुआ। मैं चाहती हूं कि जो लोग इस दौर से गुजर रहे हैं, उनके लिए यह उम्मीद की किरण बने कि आगे बेहतर चीजें ही होने वाली हैं। चलो दोस्तों, मिलकर कमाल करते हैं।'
.jpg)
कोई टिप्पणी नहीं