संदीप पाल–भरथना/इटावा, 24 जनवरी 2026 : टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने एक बार फिर शिक्षक हित में सराहनीय पहल करते हुए गंभीर बीमारी से जूझ रहे शिक्...
संदीप पाल–भरथना/इटावा, 24 जनवरी 2026 : टीचर्स सेल्फ केयर टीम ने एक बार फिर शिक्षक हित में सराहनीय पहल करते हुए गंभीर बीमारी से जूझ रहे शिक्षक रत्नेश त्रिपाठी को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह सहायता ब्लॉक महेवा में कार्यरत शिक्षक के इलाज में सहयोग के उद्देश्य से दी गई। इटावा के यशोदा नगर स्थित मंडल प्रवक्ता के आवास पर आयोजित जिला कार्यकारिणी की आवश्यक बैठक में यह चेक सौंपा गया। टीम के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि इस आर्थिक मदद से शिक्षक को उपचार में बड़ी राहत मिलेगी।
बैठक के दौरान मंडल प्रवक्ता सुनील कुमार और प्रभारी हरगोविंद नायक ने जीवनदान योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लाभ वही सदस्य ले सकते हैं जो कम से कम दो वर्षों से नियमित वैधानिक सदस्य हों और जिनका व्यवस्था शुल्क लगातार जमा होता रहा हो। उन्होंने कहा कि यह योजना संकट की घड़ी में शिक्षकों के लिए एक मजबूत सहारा बनती जा रही है।
जिला संयोजक एवं मध्यप्रदेश सहप्रभारी शौकीन सिंह यादव ने शिक्षकों से अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह योजना पूरी तरह स्वैच्छिक है, लेकिन जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता मिलना इसका सबसे बड़ा लाभ है। उन्होंने यह भी कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सहायता देना ही नहीं, बल्कि शिक्षकों में आपसी सहयोग और विश्वास की भावना को मजबूत करना है।
बैठक में जिला प्रवक्ता विकास शाक्य, जिला आईटी सेल राजेंद्र प्रसाद, जिला सह संयोजक हरगोविंद नायक, प्रद्युम्न कश्यप, जिला मीडिया प्रभारी राव साहब, जिला सह संयोजक मंजू वर्मा, नदीम अहमद और ब्रजेश कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं