गौतमबुद्धनगर, 24 जनवरी 2026 : नोएडा के भट्टा कॉलोनी, महर्षि आश्रम, सलारपुर स्थित न्यू ग्रीन लेवान्स पब्लिक स्कूल में विद्यालय का 26वां स्था...
गौतमबुद्धनगर, 24 जनवरी 2026 : नोएडा के भट्टा कॉलोनी, महर्षि आश्रम, सलारपुर स्थित न्यू ग्रीन लेवान्स पब्लिक स्कूल में विद्यालय का 26वां स्थापना दिवस एवं 77वां गणतंत्र दिवस समारोह बड़े हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। पूरे परिसर को तिरंगे, झंडियों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था, जिससे समारोह का माहौल और भी आकर्षक बन गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई, जिसे मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने सम्पन्न कराया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। प्रबंधक राजेश सिंह और प्रतीक सिंह ने अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किए। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं। झांकियों में महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह और चंद्रशेखर आज़ाद जैसे महापुरुषों के जीवन को जीवंत रूप में दिखाया गया, जिसे देखकर दर्शक भावुक हो उठे।
मुख्य अतिथि अशोक भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी हमारे लोकतंत्र और संविधान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इसी दिन भारत एक गणतंत्र राष्ट्र बना था। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और देशप्रेम को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आज के बच्चे ही कल देश की जिम्मेदारी संभालेंगे।
समारोह के दौरान पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों को दीर्घ सेवा सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ और पूरा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं