गौतमबुद्धनगर, 07 जनवरी 2026 : थाना सूरजपुर पुलिस और बदमाशों के बीच मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में...
गौतमबुद्धनगर, 07 जनवरी 2026 : थाना सूरजपुर पुलिस और बदमाशों के बीच मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश घायल हो गए। संतोष कुमार ( एडीसीपी ) सेंट्रल नोएडा के अनुसार बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन वे रेलवे लाइन के किनारे जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने पर खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिनकी पहचान सिराजुद्दीन उर्फ गुड्डू और मयंक शर्मा के रूप में हुई है। मौके से पुलिस ने अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा व खोखा कारतूस, नवादा मंदिर से दानपात्र तोड़कर चोरी की गई 20,700 रुपये की नकदी, तिलपता गांव से चोरी किया गया वन प्लस मोबाइल फोन, 2165 रुपये नकद, काला बैग, दो आधार कार्ड, ताला तोड़ने के उपकरण और चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उनके आपराधिक इतिहास के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









कोई टिप्पणी नहीं