Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली में आज फिर गरज और तेज हवाओं के साथ आएगी बारिश, IMD का येलो अलर्ट

 राजधानी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शनिवार को दिनभर लोग तेज धूप और उमस से परेशान रहे। हालांकि, शाम के समय जमकर बारिश हुई, जिसके चलते मौसम...


 राजधानी दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शनिवार को दिनभर लोग तेज धूप और उमस से परेशान रहे। हालांकि, शाम के समय जमकर बारिश हुई, जिसके चलते मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को भी दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली के कई हिस्सों में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है। रविवार को अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

दिल्ली के ज्यादातर क्षेत्रों में शनिवार सुबह से ही धूप-छांव का खेल चलता रहा। खासतौर पर दिन के 11 बजे के बाद तेज धूप निकली और लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि, दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में घने बादल छाने लगे और शाम के समय कई इलाकों में जमकर बारिश हुई। इसके चलते तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई।

दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।


दिल्ली-एनसीआर में जलभराव से थमी वाहनों की रफ्तार


दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को हुई झमाझम बारिश से कई जगहों पर जलभराव होने से वाहनों की रफ्तार थम गई। दिल्ली में कई जगहों पर वाहन चालक जाम में फंसे देखे गए। बारिश के बीच वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही और लोगों को दो से तीन किलोमीटर सफर तय करने में 20 से 25 मिनट तक का समय लगा। बारिश के चलते दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्के जलभराव की शिकायतें भी आईं। जाम को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने सोशल मीडिया पर यातायात पुलिस से शिकायत भी दर्ज कराई। वहीं गुरुग्राम में 50 से अधिक स्थानों पर पानी भर गया। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर, खांडसा, खेड़कीदौला और शीतला माता रोड पर जलभराव में फंसकर कई वाहन बंद हो गए। सुभाष चौक क्षेत्र में भी जलभराव से यातायात बाधित हुआ। फरीदाबाद में हाईवे पर अजरौंदा, बाटा, बल्लभगढ़ चौक पर पानी भरने से दिक्कत हुई।


नोएडा में सेक्टर-62, मॉडल टाउन, कालिंदी कुंज, छिजारसी, पर्थला गोलचक्कर, फिल्म सिटी, गौड़ सिटी सहित कई स्थानों पर जाम लग गया। गाजियाबाद में इंदिरापुरम, वसुंधरा, लोनी, साहिबाबाद में 10-15 मिनट तक हुई बारिश में ही जलभराव हो गया।

 

संतोषजनक रही दिल्ली की हवा


केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में शाम 6 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 93 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।




ليست هناك تعليقات