ग्रेटर नोएडा के निक्की मर्डर केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कथित दहेज के लिए पत्नी को आग के हवाले कर दर्दनाक मौत देने वाला परिवार ...
ग्रेटर नोएडा के निक्की मर्डर केस ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कथित दहेज के लिए पत्नी को आग के हवाले कर दर्दनाक मौत देने वाला परिवार अब पुलिस गिरफ्त में है। हालांकि पति विपिन और उसके माता-पिता और भाई ने जुर्म नहीं कबूला है। निक्की का आग कि लपटों में जलते शरीर का वीडियो जिसने भी देखा,उसके रोंगटे खड़े हो गए हैं। बीते 24 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है और निक्की के परिवारवालों की ओर से जो कहानी सामने आ रही हैं,वो रूह कंपा देने वाली हैं। निक्की की बहन कंचन भी उसी घर में ब्याही थी और वह बताती है कि दोनों बहनों पर हर तरह की पाबंदी लगाई गई थी। विरोध करने पर सीधे थप्पड़ मार दिया जाता था। रील बनाने और ब्यूटी पार्लर से लेकर न जाने किन-किन बातों पर दोनों के ससुराल वाले दरिंदगी करते थे। अब तक इस मर्डर केस में क्या-क्या हुआ,आइए जानते हैं।
अपडेट-1: निक्की के ससुराल से चार गिरफ्तारी
शनिवार को मृतक निक्की की बहन कंचन की शिकायत के आधार पर उसके पति को गिरफ्तार किया गया था। विपिन का ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एनकाउंटर किया था। गोली पैर में लगी थी,जिसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। उससे जब इस घटना पर सवाल पूछा गया तो उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। उसने इस घटना से खुद को अलग करते हुए कहा कि मैंने उसकी हत्या नहीं की है,उसने खुद ही सुसाइड कर लिया है,पति-पत्नी में तो झगड़ा होना आम बात है। मुझे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। शनिवार यानी कल ही पुलिस ने आरोपी की सास दया उम्र 55 वर्ष को भी गिरफ्तार किया था।
अपडेट-2: निक्की की बहन ने किए चौंकाने वाले खुलासे
कंचन रोहित यानी विपिन के बड़े भाई की पत्नी है और निक्की की सगी बहन भी है। उसने पहले सोशल मीडिया पर कुछ परेशान करने वाले वीडियो साझा किए थे।एक वीडियो में निक्की को बाल पकड़कर घसीटा जा रहा था और दूसरे में आग लगने के बाद वह नीचे गिर गई थी। कंचन की तरफ से सोमवार को और खुलासे हुए हैं जो दिल को दहला देने वाले हैं। कंचन ने बताया कि उन दोनों पर उनके पति और ससुराल वाले बहुत जुर्म ढाते थे।
21 अगस्त यानी हत्या के दिन के बारे में बताते हुए कंचन ने आरोप लगाया कि उसकी सास ने हमले के लिए उकसाया और उसका अपना पति और ससुर वहां खड़े होकर देखते रहे, उन्होंने बीच-बचाव नहीं किया। उस दिन कंचन और निक्की का अपनी सास से इंस्टा रील और ब्यूची पार्लर के लिए झगड़ा हुआ था। कंचन का कहना था कि उस दिन विपिन को उसकी मां ने ही केरोसिन दिया था और कहा कि निक्की पर छिड़क कर उसे आग लगा दो। विपिन ने वैसा ही किया पर वहां मौजूद बाकी लोगों ने कोई बीच-बचाव नहीं किया। कंचन ने बताया कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे पीटा गया। एक पड़ोसी की मदद से, वह अपनी बहन को ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले गई, जिसके बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां निक्की की अधिक जल जाने के कारण मौत हो गई।
अपडेट-3: NCW की भी केस में एंट्री
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने अब निक्की भाटी की जघन्य हत्या पर मीडिया रिपोर्ट्स का संज्ञान लिया है। आयोग ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। रविवार को जारी एक बयान में, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) को एक पत्र लिखा है, जिसमें सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने, कानून के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई करने और इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध (time-bound) जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
अपडेट-4: इसलिए सब सहती रही निक्की
निक्की के पति विपिन और ससुराल वालों के अत्याचार सहने के पीछे उसका 6 साल का बेटा है। बेटे ने भी इस हैवानियत पर अपना वर्जन पेश किया। उस मासूम ने बताया कि उसने ग्रेटर नोएडा में अपने घर में अपने पिता और दादा-दादी को अपनी मां के ऊपर कुछ तरल पदार्थ डालते,थप्पड़ मारते और फिर आग लगाते देखा। बेटे ने बताया कि मेरी मम्मा के ऊपर कुछ डाला, फिर उनको चांटा मारा फिर लाइटर से आग लगा दी। बच्चे ने गुरुवार रात सिरसा गांव में हुए इस हमले के बाद ये कहानी पड़ोसियों को बताई। बच्चे का यह बयान उसकी मां, निक्की की मौत की जांच में एक अहम कड़ी बन गया है।
निक्की से आज से 6 महीने पहले 11-12 फरवरी को पति विपिन से लड़ाई हो गई थी। लड़ाई इतनी बढ़ गई कि निक्की अपने मायके दादरी आ गई थी। पति विपिन उसे लेने पहुंचा और 6 साल के बेटे का वास्ता देकर फिर कभी न लड़ाई करने का वादा किया। कंचन का कहना है कि उस समय ही अलग विपिन को सबक सिखा दिया जाता तो शायद यह सब न होता।
अपडेट-5: पिता चाहते हैं एनकाउंटर
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने मीडिया को बताया कि उनके परिवार ने शादी के समय विपिन की हर मांग पूरी की थी, जिसमें स्कॉर्पियो, बुलेट बाइक और सोना शामिल था। फिर भी शादी के 9 साल बाद 36 लाख रुपये की दहेज की मांग पूरी न होने पर उन्होंने उनकी बेटी को मार डाला। उन दोनों की शादी 2016 में हुई थी। कंचन ने बताया कि यह अपराध उसकी और निक्की के नाबालिग बेटे के सामने हुआ, जिसने कैमरे पर भी उस खौफनाक घटना के बारे में बताया। पिता ने आरोपियों का एनकाउंटर करने की मांग की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके घर को गिराने का आग्रह किया है।
ليست هناك تعليقات