नोएडा, 26 जून 2025:
सेक्टर-55 स्थित आनंद निकेतन वृद्ध सेवा आश्रम (जन कल्याण ट्रस्ट) में बुजुर्गों के साथ अमानवीय व्यवहार का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में एक बुजुर्ग महिला के हाथ बंधे हुए ज़मीन पर बैठे देखा गया, जिससे हड़कंप मच गया। यह वीडियो प्राकृतिक संवाद की राष्ट्रीय संयोजक सीमा सिन्हा को प्राप्त हुआ, जिन्होंने इसे महिला आयोग, समाज कल्याण विभाग और पुलिस को टैग करते हुए ट्विटर पर साझा किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग की सदस्य मीनाक्षी भराला, महिला एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी, भाजपा महिला मोर्चा नोएडा की अध्यक्ष शारदा चतुर्वेदी और पुलिस मौके पर पहुंचे। निरीक्षण में पाया गया कि आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों को बेहद अमानवीय और अस्वस्थ परिस्थितियों में रखा गया था। जब संचालिका नीलिमा और ट्रस्टियों से दस्तावेज मांगे गए, तो वे वैध अनुमति या पंजीकरण नहीं दिखा सके।
नोएडा समाज कल्याण विभाग, महिला कल्याण विभाग और स्थानीय प्रशासन को आश्रम के अस्तित्व की कोई जानकारी नहीं थी। महिला आयोग ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए तीन बुजुर्गों को सरकारी आश्रय गृह भेजने और शेष को पांच दिनों में मान्यता प्राप्त संस्थानों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद आश्रम को सील किया जाएगा।
इस घटना ने न केवल प्रशासन की संवेदनशीलता पर प्रश्न उठाए हैं, बल्कि वृद्धजनों के संरक्षण तंत्र की पोल भी खोल दी है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें