गुरुवार, 10 जुलाई 2025

दिल्ली-NCR में मॉनसून मेहरबान, बारिश का दौर जारी; IMD के ताजा अपडेट में जानिए अगले 6 दिन का हाल


दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर गुरुवार सुबह तक जारी रही। गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे जलभराव और ट्रैफ़िक जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग ने आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरे दिल्ली-एनसीआर में बादलों की गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।


भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, गुरुवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 23 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम के औसत से 4.3 डिग्री कम है। मौसम विभाग ने गुरुवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।


मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 16 तारीख तक लगातार बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। शुक्रवार को भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं, शनिवार को भी कमोवेश मौसम को लेकर यही स्थिति बनी रहेगी। हालांकि, अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान तो 34 से 36 डिग्री के बीच ही बना रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़कर 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम तापमान थोड़ा घटकर 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी नीचे गिरकर 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंचने की संभावना है।


वहीं, मंगलवार और बुधवार को भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।




लेबल:

0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें

सदस्यता लें टिप्पणियाँ भेजें [Atom]

<< मुख्यपृष्ठ