Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

खानपान की आदतें बदलकर मधुमेह पर पा सकते हैं नियंत्रण, डॉ. प्रमोद स्टीफेन ने बताए जरूरी उपाय

हरसिद्धि, 14 नवंबर 2026। पानापुर रंजीता पंचायत के कोबेया गांव में विश्व मधुमेह जागरूकता सप्ताह के समापन और बाल दिवस के अवसर पर जनसंवाद सह मध...


हरसिद्धि, 14 नवंबर 2026। पानापुर रंजीता पंचायत के कोबेया गांव में विश्व मधुमेह जागरूकता सप्ताह के समापन और बाल दिवस के अवसर पर जनसंवाद सह मधुमेह जागरूकता सभा का आयोजन किया गया। सेवानिवृत्त फौजी मुरारी तिवारी के आवास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। वक्ताओं ने मधुमेह से बचाव और इसके बेहतर प्रबंधन के लिए खानपान में सुधार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने पर जोर दिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुरारी तिवारी ने कहा कि मधुमेह से बचाव और नियंत्रण के लिए खानपान में सुधार के साथ नियमित शारीरिक गतिविधियां और स्वस्थ जीवनशैली जरूरी हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और सजग रहने की अपील की।


सभा को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद स्टीफेन ने कहा कि मधुमेह के नियंत्रण में खानपान और दैनिक दिनचर्या की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भोजन में सकारात्मक बदलाव, नियमित व्यायाम और संतुलित जीवनशैली अपनाने से मधुमेह के खतरे को कम करने तथा बीमारी को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि लोगों को केवल बीमारी की जानकारी ही नहीं, बल्कि 'जीने की कला और खाने की सही कला' भी सीखनी चाहिए। क्या खाना है, कितना खाना है और किस समय खाना है, इसकी सही समझ स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक है।


डॉ. प्रेम प्रकाश स्टीफेन ने बताया कि डॉ. प्रमोद स्टीफेन की पुस्तक 'आपका स्वास्थ्य आपके मुंह में' पढ़ने के बाद उन्हें खानपान को व्यवस्थित तरीके से अपनाने के महत्व को समझने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि भोजन और पानी को अच्छी तरह चबाकर तथा धीरे-धीरे ग्रहण करने की आदत भी महत्वपूर्ण है।

आशा रानी लाल ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि डॉ. स्टीफेन के बताए स्वास्थ्य संबंधी सिद्धांतों को अपनाने से उन्हें लाभ महसूस हुआ है। उन्होंने शरीर में दर्द और मधुमेह से जुड़ी परेशानियों में धीरे-धीरे सुधार का अनुभव होने की बात कही।


बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रमोद स्टीफेन ने बच्चों के बीच मिठाई और चॉकलेट वितरित की। शिव तिवारी ने डॉ. स्टीफेन के सामाजिक कार्यों और स्वास्थ्य जागरूकता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारियां मिलती हैं और जागरूकता बढ़ती है।

कार्यक्रम में डॉ. प्रेम प्रकाश स्टीफेन, डॉ. लिली स्टीफेन, आशा रानी लाल, बिंदा यादव, यमुना यादव, नागा यादव, रामलाल यादव, रामजीत यादव, दिलजान मियां, इस्माइल मियां, वीरेंद्र यादव, भगवान सहनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष मुरारी तिवारी ने सभी अतिथियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






 

कोई टिप्पणी नहीं