दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनू, हिसार और भटिंडा से...
दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा जामनगर, उदयपुर, अजमेर, झुंझुनू, हिसार और भटिंडा से होकर गुजर रही है. आईएमडी ने ने अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर अरब सागर, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के शेष हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 6 जुलाई को कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. आइए जानते हैं कि आज दिल्ली, यूपी और बिहार समेत अन्य राज्यों में मौसम कैसा रहेगा.
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
IMD ने आज दिल्ली में बारिश और आंधी तूफान को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार के साथ आंधी-तूफान आने की भी संभावना है. 10 जुलाई तक लगातार बारिश होने का अनुमान है. आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है. उत्तर भारत में हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है.
वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई.
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र ओडिशा तट पार कर चुका है और अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा, जिससे इन क्षेत्रों में तेज बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी.
IMD ने दी है ये चेतावनी
आईएमडी ने भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने, निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति और भूस्खलन की आशंका जताई है. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.

कोई टिप्पणी नहीं