राजधानी दिल्ली का मॉनसून 16 वर्षों में सबसे लंबे ब्रेक पर चला गया है। दिल्ली में गुरुवार को लगातार छठवां दिन है जब मॉनसून आगमन के बाद भी ब...
राजधानी दिल्ली का मॉनसून 16 वर्षों में सबसे लंबे ब्रेक पर चला गया है। दिल्ली में गुरुवार को लगातार छठवां दिन है जब मॉनसून आगमन के बाद भी बारिश नहीं हुई है। चार-पांच दिन और अच्छी मॉनसूनी बारिश होने के आसार नहीं हैं। इससे पहले वर्ष 2012 के जुलाई महीने में लगातार सात दिन बारिश नहीं हुई थी।
दिल्लीवालों के लिए इस बार का मॉनसून पहेली बना हुआ है। मॉनसून आने की आधिकारिक तिथि 27 जून थी, लेकिन पांच दिन की देरी से 2 जुलाई को इसका आगमन तो हुआ पर वह फीका रहा। कुछ समय बाद जब मॉनसून रेखा दिल्ली के नजदीक आई तो तीन दिन कई इलाकों में भारी बारिश हुई। इसके बाद मॉनसून रेखा दूर खिसकी गई, जिससे दिल्ली में एक तरह का सूखा मौसम हो गया है।
मौसम विभाग के पास मौजूद आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार मॉनसून ब्रेक की स्थिति दिल्ली के लिए सबसे लंबी होती दिख रही है। बारिश नहीं हुए पहले ही छह दिन बीत चुके हैं। आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2023 में चार दिन और वर्ष 2022 एवं 2014 में छह-छह दिन ब्रेक मॉनसून की स्थिति रही थी। वर्ष 2012 में सर्वाधिक सात दिन तक लगातार बारिश नहीं हुई थी।
लू जैसी स्थिति बन रही
दिल्ली में मॉनसून आगमन के बाद भी लू जैसी स्थिति बन रही है। गुरुवार को बीच-बीच में हल्के बादलों की आमद जरूर हुई, लेकिन धूप के चलते तापमान में तेजी से इजाफा हुआ। दिन के समय लोगों को गर्म हवा के थपेड़ों का भी अहसास हुआ। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.0 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आर्द्रता का स्तर 44 से 69 फीसदी तक रहा। दिल्ली के लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है।
महसूस हुई 48 डिग्री जैसी गर्मी
तेज धूप और उमस के चलते दिल्ली के लोगों को गुरुवार के दिन 48 डिग्री जैसी गर्मी का अनुभव हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में ढाई बजे अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आर्द्रता का स्तर 48 फीसदी और हवा की रफ्तार 18.5 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रही। इसके चलते लोगों को 48 डिग्री सेल्सियस जैसी गर्मी (फील लाइक टेंपरेचर) का अहसास हुआ।
अभी दो दिन और भीषण गर्मी सताएगी
मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी दो दिन तक भीषण गर्मी और उमस का मौसम बना रहेगा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं