दिल्ली की डीटीसी बसों में फ्री सफर के साथ-साथ 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल हो सकेगा। पिंक कार्ड धारक मह...
दिल्ली की डीटीसी बसों में फ्री सफर के साथ-साथ 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' डेबिट कार्ड की तरह भी इस्तेमाल हो सकेगा। पिंक कार्ड धारक महिलाएं इससे मॉल और दुकानों से भी खरीदारी कर सकेंगी।
इसके लिए डीटीसी की ओर से अधिकृत किए गए बैंक की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
📋 ऐसे बनेगा कार्ड: जीरो केवाईसी और फुल केवाईसी का विकल्प
डीटीसी की ओर से फिलहाल दो तरह के नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) जारी किए जा रहे हैं। इसमें एक कार्ड जीरो केवाईसी के जरिए बनाया जा रहा है, जिसमें महज आधार कार्ड के जरिए महिलाओं को पिंक कार्ड जारी किए जा रहे हैं।
इसके लिए आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी के जरिए यह कार्ड जारी किया जा रहा है। दूसरा कार्ड फुल केवाईसी के बाद जारी किया जा रहा है, जिसमें बैंक की ओर से लंबी आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है और यह कार्ड डेबिट कार्ड की तरह घर के पते पर डाक के जरिए भेजा जाता है।
डेबिट कार्ड की तरह इस्तेमाल होने वाला पिंक स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए अधिकृत बैंक के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन करना होगा। इसके साथ दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो समेत अपनी व्यक्तिगत डिटेल देनी होगी। जरूरत पड़ने पर बैंक पैन कार्ड भी मांग सकता है। इसके बाद वीडियो केवाईसी की प्रक्रिया पूरी होने पर कार्ड पते पर भेज दिया जाएगा।
🛍️ इस तरह कर सकेंगे कार्ड का इस्तेमाल और रिचार्ज
फुल केवाईसी वाले पिंक स्मार्ट कार्ड से सभी बसों में निशुल्क टिकट मिलेगा। अगर मेट्रो, नमो भारत ट्रेनों में इस कार्ड से सफर करना है या शॉपिंग करनी है, तो इसे रिचार्ज कराना होगा।
डीटीसी ने यात्रियों के लिए तीन रंग के कार्ड निर्धारित किए हैं। महिलाओं के लिए गुलाबी, सामान्य यात्रियों के लिए नीला और वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग व अन्य छूट प्राप्त यात्रियों के लिए नारंगी रंग का कार्ड जारी किया जाएगा। विभाग का कहना है कि नारंगी कार्ड जारी करना अभी शुरू नहीं किया गया है।
⚠️ 01 अगस्त से पिंक सहेली कार्ड दिखाना हुआ अनिवार्य, बिना कार्ड नहीं मिलेगा मुफ्त सफर
गौरतलब है कि दिल्ली में 01 अगस्त से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने अपनी बसों में एक विशेष अभियान भी शुरू किया है।
इसके तहत महिला यात्रियों को जल्द से जल्द यह स्मार्ट कार्ड बनवाने की सलाह दी जा रही है। डीटीसी के आदेश के मुताबिक, 01 अगस्त से केवल उन्हीं महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी किया जाएगा, जिनके पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा। बस में चढ़ते समय उन्हें इस कार्ड को टैप करना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं