पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ने स्कूटी पर साथ जाते वक्त अपनी पत्नी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या ...
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल ने स्कूटी पर साथ जाते वक्त अपनी पत्नी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कॉन्स्टेबल स्कूटी लेकर फरार हो गया। राहगीरों ने लहूलुहान महिला को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी कॉन्स्टेबल मनीष भाटी एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) में तैनात है। यह घटना सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच कल्याणपुरी थाना क्षेत्र के ईस्ट विनोद नगर गली नंबर 2 में हुई। मृतक महिला का मायका उत्तर प्रदेश के दादरी में है।
दिल्ली पुलिस ने आज इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि कल्याणपुरी इलाके में एक कॉन्स्टेबल अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर जा रहा था, तभी किसी बात पर उन दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद गुस्साए कॉन्स्टेबल ने वहीं सड़क पर स्कूटी रोककर बीच रास्ते में ही अपनी पत्नी को गोली मार दी। घटना के वक्त मौके पर मौजूद चार-पांच लोग घायल महिला को ऑटो-रिक्शा से अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। आरोपी कॉन्स्टेबल स्कूटी सहित फरार है।

कोई टिप्पणी नहीं