नई दिल्ली, 14 मार्च 2026 : देश की राजधानी में आयोजित एक प्रतिष्ठित समारोह में झारखंड के पाकुड़ जिले के राजापाड़ा विषहरीतल्ला निवासी डॉ. इंद...
नई दिल्ली, 14 मार्च 2026 : देश की राजधानी में आयोजित एक प्रतिष्ठित समारोह में झारखंड के पाकुड़ जिले के राजापाड़ा विषहरीतल्ला निवासी डॉ. इंद्रजीत घोष को आदिम जनजातीय एवं अनुसूचित जनजाति समुदाय के बीच शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
नर्चर एंड पीस फाउंडेशन द्वारा नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के डिप्टी स्पीकर हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि, जन कल्याण पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पूर्व लोकसभा सांसद सूरज मंडल, मदर ऑर्गेनिक की संस्थापक रीना भाटिया तथा जन कल्याण संस्था की संस्थापक मोनिका अरोड़ा ने संयुक्त रूप से डॉ. इंद्रजीत घोष को सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि डॉ. इंद्रजीत घोष ने समाज के वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रह रहे लोगों तक पहुंचकर शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया है, जो वास्तव में सराहनीय और अनुकरणीय है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका समर्पण समाज के लिए प्रेरणा का कार्य करता है।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. इंद्रजीत घोष ने मंच से सभी आयोजकों, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ समाज सेवा करने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि वह आगे भी आदिवासी एवं जरूरतमंद समुदायों के बीच शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहेंगे और समाज के सहयोग से ही स्थायी परिवर्तन संभव है।
आपको बता दें कि डॉ. इंद्रजीत घोष एक साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं और उन्होंने अपने परिश्रम, लगन और सेवा भावना से यह मुकाम हासिल किया है।
वह कई वर्षों से पहाड़िया और आदिवासी गांवों में जाकर शिक्षा के महत्व को समझाने, बच्चों को स्कूल से जोड़ने तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।
इस सम्मान की खबर से उनके परिवार, मित्रों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि डॉ. इंद्रजीत घोष का यह सम्मान उनके वर्षों के समर्पित कार्यों की पहचान है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर समाज सेवा की कामना की है।
कोई टिप्पणी नहीं