Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

सलारपुर में नोएडा प्राधिकरण की गांव चौपाल, ग्रामीणों ने सौतेले व्यवहार के लगाए आरोप

सलारपुर, गौतमबुद्ध नगर, 13 फरवरी 2026 : सलारपुर गांव में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित गांव चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी मूलभूत ...

सलारपुर, गौतमबुद्ध नगर, 13 फरवरी 2026 : सलारपुर गांव में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित गांव चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर जमकर नाराजगी जताई और प्राधिकरण पर गांव के साथ सौतेला व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए। चौपाल में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष अशोक भाटी भी उपस्थित रहे।
चौपाल में सिविल, जल, सीवर, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में प्रदीप कुमार साहू, सुभाष कुमार, पवन कुमार, राकेश भाटी, आर.पी. सिंह, लेखपाल धर्मेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी शामिल हुए।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में सीवर व्यवस्था बदहाल है, कई जगह आरसीसी सड़कें नहीं हैं, सामुदायिक केंद्र और कन्या विद्यालय की सुविधा नहीं है तथा चिकित्सा केंद्र का भी अभाव है। इसके अलावा जल निकासी, साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति की स्थिति भी बेहद खराब बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन समाधान के नाम पर केवल आश्वासन ही मिलते हैं। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष अशोक भाटी ने अधिकारियों के साथ गांव का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति दिखाई। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। निरीक्षण एवं बैठक के बाद अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सभी प्रमुख समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा और गांव की सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही जल्द शुरू होगी। इस अवसर पर सुखबीर प्रधान, मनोज त्यागी, चरण सिंह भाटी, सिंह राज गुर्जर, विजेंद्र भड़ाना, जयराज भाटी, अजय गुर्जर, सुभाष भाटी, सचिन भाटी, कालूराम भाटी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं