Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

भरथना में जर्जर पुलिया में फंसी श्रद्धालुओं से भरी बस, 50 यात्री बाल-बाल बचे

भरथना/इटावा, 23 फरवरी 2026 : भरथना कस्बा क्षेत्र के पाली बम्बा चौराहे पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरी एक बस वर...

भरथना/इटावा, 23 फरवरी 2026 : भरथना कस्बा क्षेत्र के पाली बम्बा चौराहे पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं से भरी एक बस वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी पाली बम्बा पुलिया में फंस गई और बम्बे में पलटने से बाल-बाल बच गई। बस में महिलाएं, पुरुष और बच्चे समेत करीब 50 श्रद्धालु सवार थे, जो लखनऊ में आयोजित राधा स्वामी सत्संग में शामिल होने जा रहे थे।
सोमवार सुबह लगभग दस बजे जैसे ही बस पाली बम्बा चौराहे के पास पहुंची और जर्जर पुलिया पर चढ़ी, अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और बस पुलिया में फंस गई। बस रुकते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों की सूझबूझ और साहस के चलते बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिया के समीप हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल भी लगे हुए हैं। यदि बस बम्बे में गिर जाती तो करंट फैलने या तार टूटने से स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।
बस में सवार थाना वैदपुर क्षेत्र के गांव अदियापुर निवासी राजकुमार, परमेश्वर दयाल, रामबाबू और मुकेश कुमार ने बताया कि बस में लगभग 50 श्रद्धालु सवार थे। अचानक बस के फंसने से सभी घबरा गए थे और कुछ क्षणों के लिए लगा कि बस बम्बे में पलट जाएगी, लेकिन ईश्वर की कृपा और स्थानीय लोगों की मदद से सभी सुरक्षित बच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली बम्बा पुलिया लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। यहां आए दिन छोटे-बड़े वाहन फंसते या दुर्घटनाग्रस्त होते रहते हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।

कोई टिप्पणी नहीं