संदीप पाल,भरथना/इटावा, 19 फरवरी 2026 : शादी समारोह से लौट रहे भरथना के एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं, जब उनकी कार बे...
संदीप पाल,भरथना/इटावा, 19 फरवरी 2026 : शादी समारोह से लौट रहे भरथना के एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं, जब उनकी कार बेकाबू होकर गहरी नहर में जा गिरी। हादसे में कारोबारी, उनकी पत्नी और छोटे बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी रात कार नहर में डूबी रही और किसी को इसकी जानकारी तक नहीं हो सकी। सुबह राहगीरों की नजर नहर में दिख रहे कार के टायर पर पड़ी, तब घटना का खुलासा हुआ।
मृतक कारोबारी की पहचान भरथना कस्बे के मोहल्ला मोतीगंज निवासी 60 वर्षीय राजीव कुमार पोरवाल पुत्र राम किशोर के रूप में हुई है, जो दाल व डालडा के व्यापारी थे। उनके साथ पत्नी मधु गुप्ता (55) और 27 वर्षीय बेटा शिवम भी कार में सवार थे। तीनों जनपद औरैया के दिबियापुर स्थित कैलाश रिसोर्ट में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर देर रात वापस लौट रहे थे।
हादसा अछल्दा थाना क्षेत्र के तुरुकपुर गांव के पास हुआ। रात अधिक होने के कारण न तो किसी ने कार गिरते देखी और न ही कोई मदद पहुंच सकी। कार के दरवाजे लॉक हो जाने से तीनों बाहर नहीं निकल सके और नहर में डूबने से उनकी मौत हो गई।
सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी व ट्रैक्टर की मदद से कार को बाहर निकाला गया। शीशे तोड़कर जब अंदर देखा गया तो तीनों शव मिले। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। भरथना कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के बड़े बेटे, जो नोएडा में रहकर व्यापार करते हैं, को भी सूचना दे दी गई है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
कोई टिप्पणी नहीं