भरथना/इटावा, 13 फरवरी 2026 : भरथना थाना क्षेत्र के भरथना–ऊसराहार मार्ग पर गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगला धना के समीप दो ऑट...
भरथना/इटावा, 13 फरवरी 2026 : भरथना थाना क्षेत्र के भरथना–ऊसराहार मार्ग पर गुरुवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगला धना के समीप दो ऑटो आमने-सामने टकरा गए। भीषण टक्कर में चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना भिजवाया, जहां से तीन घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब छह बजे तेज रफ्तार से आ रहे दोनों ऑटो आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर एकत्र हो गए।
हादसे में बकेवर थाना क्षेत्र के गांव नगला हीरालाल पिलखना निवासी 30 वर्षीय पिंटू पुत्र परशुराम, 26 वर्षीय सर्वेश कुमार पुत्र रघुवीर सिंह, बाबरपुर (अजीतमल) निवासी 56 वर्षीय हरीश चंद्र पुत्र राम शब्द गुप्ता तथा मंगूपुर निवासी 20 वर्षीय रोहित पुत्र देशराम घायल हो गए। सभी घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना पर नवांगतुक कस्बा चौकी प्रभारी तनमय चौधरी, उपनिरीक्षक इदु हसन व राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ऑटो चालक पिंटू की हालत नाजुक देखते हुए उसे सैफई पीजीआई रेफर कर दिया, जबकि दूसरे ऑटो चालक रोहित और हरीश चंद्र को जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं घायल सर्वेश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ही जारी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी राम दवन मौर्य और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं