ग्रेटर नोएडा, 24 जनवरी 2026 : नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य ‘ज...
ग्रेटर नोएडा, 24 जनवरी 2026 : नॉलेज पार्क-3 स्थित प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य ‘जनोत्सव’ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश की संस्कृति, कला और विकास यात्रा की सतरंगी छटा देखने को मिली। सभागार में तबले की थाप, शहनाई की गूंज और शास्त्रीय लोक नृत्य की प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। स्वागत कक्ष में लोकचित्रों की प्रदर्शनी, छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टर और रंगोली ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीआईआईटी के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने की। मुख्य अतिथि कुमाऊं गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर बीएस राजपूत, अति विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता आनंद साहू तथा विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार डॉ. जितेन्द्र बच्चन रहे। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डॉ. भरत सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीमारू राज्य से बेमिसाल उत्तम प्रदेश बनने तक की गौरवशाली यात्रा तय की है और शिक्षा व कौशल विकास इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य अतिथि बीएस राजपूत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों की सराहना करते हुए प्रदेश की प्रगति को सराहा। डॉ. जितेन्द्र बच्चन ने उत्तर प्रदेश के 76वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए विकास और संस्कृति की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।
‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में एयर गुरुकुल और द म्यूलॉजिक फाउंडेशन की टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में वसंत पंचमी और दीक्षा समारोह भी शामिल रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरा आयोजन गरिमा, संस्कृति और गर्व के भाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं