बिसरख/ग्रेटर नोएडा, 26 जनवरी 2026 : गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिसरख स्थित छोटी मिलक गांव के बिसरख प्राइमरी स्कूल में एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट...
बिसरख/ग्रेटर नोएडा, 26 जनवरी 2026 : गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिसरख स्थित छोटी मिलक गांव के बिसरख प्राइमरी स्कूल में एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट (ईएमसीटी) द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों को भारत के संविधान, समान अधिकार और शिक्षा के महत्व से परिचित कराना रहा। विद्यालय परिसर को तिरंगे और रंगीन सजावट से सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में उत्सव और देशभक्ति की भावना दिखाई दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य इकरार ख़ान ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ था, जिसने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का मौलिक अधिकार है और यही उसे आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और समाज के लिए उपयोगी नागरिक बनने का मार्ग दिखाती है।

संस्था की संस्थापक रश्मि पांडेय ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। उन्होंने बताया कि बिना किसी भेदभाव के दी गई शिक्षा ही डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, लेखक और कलाकार तैयार करती है, जो देश को आगे बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ध्वजारोहण किया गया और विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें सभी ने सराहा। संस्था की सदस्य गरिमा ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर अध्यापिका सरोज मौर्य और शालिनी चक्रवर्ती ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में एथोमार्ट चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से विद्यार्थियों को मोतीचूर के लड्डू वितरित किए गए और गणतंत्र दिवस को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ।
कोई टिप्पणी नहीं