गाजियाबाद शहर की प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए 40 हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। निगम का प्रकाश विभाग राज्य स्मार्ट सिटी योजना में इस...
गाजियाबाद शहर की प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए 40 हजार नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। निगम का प्रकाश विभाग राज्य स्मार्ट सिटी योजना में इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बना रहा है। नगर निगम क्षेत्र में पांच जोन हैं। इनमें सिटी जोन, कविनगर, मोहननगर, वसुंधरा और विजयनगर है। इन जोन में करीब 60 हजार स्ट्रीट लाइट हैं। इसके बावजूद पार्षद और स्थानीय लोग निगम से प्रकाश व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। पार्षद आए दिन लाइट खराब होने की शिकायत कर रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट बंद होने का मामला बोर्ड बैठक में कई बार उठ चुका है। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। इसमें सुधार के लिए प्रकाश विभाग ने योजना तैयार की है। राज्य स्मार्ट सिटी के तहत निगम के पांचों जोन में करीब 40 हजार नई लाइट लगाई जाएंगी। इसकी डीपीआर तैयार हो गई है।
इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। इसके अलावा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक पांचों जोन में एक सर्वे करा रहे हैं। सर्वे में उन लाइटों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनकी मियाद पूरी हो गई। पुरानी लाइटों को हटवाकर नई लगवाई जाएंगी।
अंधेरे वाले स्थान चिह्नित किए गए
अंधेरे वाले स्थानों को चिन्हित कर लिया गया है। बता दें कि अंधेरे वाले स्थानों पर लूटपाट और छेड़छाड़ की कई घटनाएं हो चुकी हैं। 40 हजार नई लाइट लगने के बाद प्रकाश व्यवस्था में सुधार होने के अलावा इन स्थानों पर वारदात में भी कमी आने की संभावना है।
वार्डों में एलईडी लाइट लगाईं
निगम ने साढ़े तीन साल पहले सोडियम लाइटों को बदलकर एलईडी लगाई थी। सिटी जोन में 9971, कविनगर में 12845, मोहन नगर में 10082, वसुंधरा जोन में 10408 और विजय नगर में 6908 लाइट हैं। बारिश के बाद काफी लाइट खराब हो गई हैं। पार्षद और स्थानीय लोग नई लाइट लगवाने की मांग कर रहे हैं।
विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त, ''नई स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए डीपीआर तैयार कर ली गई है। इसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा। फिलहाल बारिश में खराब हुई लाइट ठीक कराई जा रही हैं।''
ليست هناك تعليقات