फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-30 बाइपास रोड पर नहर किनारे स्थित एक मंदिर के पास हुए चर्चित पुजारी हत्याकांड का अपराध शाखा डीएलएफ ने सफलतापूर्...
फरीदाबाद: फरीदाबाद के सेक्टर-30 बाइपास रोड पर नहर किनारे स्थित एक मंदिर के पास हुए चर्चित पुजारी हत्याकांड का अपराध शाखा डीएलएफ ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया है. पुलिस पूछताछ में एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है कि मंदिर के पास नशा करने से रोकने पर आरोपियों ने बेरहमी से पुजारी की हत्या कर दी थी.
⚖️ नशा करने से रोका तो सिलबट्टे से सिर पर वार कर की थी 65 वर्षीय पुजारी की हत्या
पुलिस पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपी घटना के वक्त मंदिर के पास बैठकर नशा कर रहे थे. जब 65 वर्षीय पुजारी ओमप्रकाश ने उन्हें वहां नशा करने से टोका और मना किया, तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी. इसी दौरान दरिदों ने गुस्से में आकर वहां रखे सिलबट्टे से पुजारी के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
🔍 पहचान हुए आरोपी आशिफ और टीटी, पुलिस ने शुरू की आगे की कानूनी कार्रवाई
क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों की पहचान आशिफ उर्फ टीटी (20), निवासी गांव हुसैनी, मथुरा (हाल निवासी किसान मजदूर कॉलोनी) और आशिफ उर्फ कालिया (34), निवासी गांव बामनी, जुरहेड़ा, भरतपुर (हाल निवासी किसान मजदूर कॉलोनी) के रूप में हुई है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी टीटी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी जैसे गंभीर मामलों के तीन मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने व आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है.

कोई टिप्पणी नहीं