Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

अंकित शर्मा मर्डर केस: ताहिर हुसैन को दोषी करार देने पर राजनीति तेज

 फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़के दंगे के दौरान बेरहमी से कत्ल कर दिए गए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी अंकित शर्मा के काति...


 फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में भड़के दंगे के दौरान बेरहमी से कत्ल कर दिए गए इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अधिकारी अंकित शर्मा के कातिलों को मासूम बताने की होड़ लग गई है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कुछ नेताओं के बाद अब असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम ने अदालत से दोषी करार दिए गए ताहिर हुसैन को उल्टे विक्टिम (सताया गया) बता दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान पूर्व 'आप' पार्षद को मुस्तफाबाद से चुनाव लड़ाने वाली एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई ने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा का नाम भी घसीटा और कहा कि सिस्टम ने पीड़ित को ही दंगाई साबित कर दिया।

अंकित शर्मा की हत्या के मामले में दिल्ली की एक अदालत ने फैसला सुनाते हुए ताहिर हुसैन समेत पांच को दोषी करार दिया, जबकि छह आरोपी बरी कर दिए गए। अदालत ने ताहिर को हत्या और दंगा भड़काने का दोषी पाया है। सजा का ऐलान होना अभी बाकी है। इस बीच कई दलों के नेता ताहिर के बचाव में खुलकर सामने आ गए हैं। 'आप' के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने भले ही यह कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश की कि उनकी पार्टी ने बहुत पहले निकाल दिया था, लेकिन उनके विधायक अमानतुल्लाह खान हों या मुस्तफाबाद से कथित तौर पर ताहिर की वजह से ही हारे हाजी यूनुस हों, दुख जाहिर करने लगे। दोनों नेताओं ने ताहिर और उसके परिवार के लिए दुआ मांगने की बात कही।

ओवैसी की पार्टी ने ताहिर हुसैन पर क्या कहा?

एआईएमआईएम के दिल्ली प्रमुख शोएब जमई ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करने में समय जरूर लिया, लेकिन अदालत के फैसले को दरकिनार करके ताहिर को ही पीड़ित बताने लगे। उन्होंने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा को दंगाइयों से जोड़ने की कोशिश करते हुए आरोप लगाया कि ताहिर के घर को घेर लिया गया था। जमई ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'अदालत का फैसला अपनी जगह मगर मुस्तफाबाद के लोकल लोग जानते हैं कि ताहिर हुसैन का घर (कपिल मिश्रा) के दंगाइयों के निशाने पर था और जब भीड़ ने उनके घर को घेर लिया तब उसने प्रशासन से मदद की गुहार भी लगाई थी। जो विक्टिम है, सिस्टम ने उसे ही दंगाई साबित कर दिया। उम्मीद है की ऊपरी अदालत में सच्चाई की जीत होगी।'

अमानतुल्लाह खान और अन्य ने क्या कहा?

अदालत का फैसला आने के बाद सबसे पहले अमानतुल्लाह खान ने ताहिर हुसैन के लिए दुख जाहिर किया। पार्टी के स्टैंड से अलग जाते हुए ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा, 'आज अदालत के जरिए पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन को दिल्ली दंगों में दोषी करार दिए जाने पर बहुत दुखी हूं, अल्लाह उसके घर वालों को सब्र अता करे हमारा कानून पर पूरा भरोसा है और अल्लाह की जात से उम्मीद है कि ताहिर हुसैन को ऊपरी अदालत से इंसाफ जरूर मिलेगा।' आप नेता हाजी यूनुस ने भी ताहिर हुसैन के परिवार के लिए हमदर्दी जाहिर की तो कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने यह कहने की कोशिश की कि मुस्लिम होने की वजह से ताहिर दोषी करार दिया गया। उन्होंने कहा कि ताहिर का नाम कपिल होता तो वह बरी हो जाता।








कोई टिप्पणी नहीं