अयोध्या, 29 जनवरी 2026 : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के चर्चित भदरसा दुष्कर्म मामले में फॉरेंसिक लैब से आई डीएनए रिपोर्ट ने जांच की दिशा बद...
अयोध्या, 29 जनवरी 2026 : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के चर्चित भदरसा दुष्कर्म मामले में फॉरेंसिक लैब से आई डीएनए रिपोर्ट ने जांच की दिशा बदल दी है। रिपोर्ट के अनुसार मुख्य आरोपी और समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता मोइद खान का डीएनए पीड़िता से मेल नहीं खाया, जबकि उनके नौकर राजू खान का सैंपल मैच होने की पुष्टि हुई है। इस खुलासे के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।
वैज्ञानिक जांच में डीएनए मैच न होने को मोइद खान के लिए कानूनी तौर पर बड़ी राहत माना जा रहा है। हालांकि जांच एजेंसियां अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं। दूसरी ओर रिपोर्ट सामने आने के बाद राजू खान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं, क्योंकि पुलिस के पास अब उसके खिलाफ महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य मौजूद हैं।
यह मामला अयोध्या के भदरसा क्षेत्र का है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। पीड़िता के गर्भवती होने के बाद मामला उजागर हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने मोइद खान और उनके कर्मचारी राजू खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घटना सामने आने पर प्रदेश की राजनीति में भी हलचल मच गई थी। मामले को लेकर विधानसभा में भी चर्चा हुई थी और बढ़ते दबाव के बीच समाजवादी पार्टी ने मोइद खान को निष्कासित कर दिया था। प्रशासन द्वारा उनके कुछ अवैध निर्माणों पर कार्रवाई भी की गई थी।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज की जाएगी। वहीं मोइद खान पर घटना की जानकारी छिपाने या साक्ष्य से जुड़े अन्य पहलुओं में जांच जारी रह सकती है।
कोई टिप्पणी नहीं